बुलंदशहर। सीबीआई/प्रवर्तन निदेशालय कोर्ट गाजियाबाद ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर भूमाफिया सुधीर गोयल और उसकी पत्नी को सात दिन की रिमांड पर भेज दिया है। दोनों को गाजियाबाद कोर्ट से ही ईडी टीम अपने साथ सात दिन की रिमांड पर ले गई है।
कालोनाइजर सुधीर गोयल व उसकी पत्नी व साथियों के खिलाफ तीस से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि सुधीर गोयल ने राधिका एंक्लेव समेत कई कालोनी विकसित कर प्लाट बिक्री में धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये का घोटाला किया है। पुलिस ने दिसंबर माह में सुधीर, उसकी पत्नी समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा करने पर प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) की टीम ने जनवरी में माह में राधिका एंक्लेव के अलावा शहर में कई स्थानों पर छापेमारी कर कई घंटे तक पूछताछ की थी। छापेमारी के बाद टीम दस्तावेज अपने साथ लेकर गई थी। प्रवर्तन निदेशालय की टीम मामले में गहनता के साथ जांच पड़ताल कर रही थी। ईडी ने सुधीर और उसकी पत्नी राधिका की रिमांड मांगी थी। मंगलवार को दोनों जिला कारागार से गाजियाबाद सीबीआई कोर्ट में सुनवाई पर पेश हुए थे। अदालत ने ईडी की याचिका मंजूर करते हुए दोनों को सात दिन की रिमांड मंजूर कर ली।