मुरादनगर। दिल्ली मेरठ मार्ग स्थित केवीएन स्कूल के 50 से अधिक छात्रों की फीस जमा न होने पर उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया गया। छात्रों को क्लास से बाहर निकालकर पार्क में बैठा दिया गया। परिजनों ने इसकी शिकायत शिक्षा विभाग के अधिकारियों से करने की बात कही है।
केवीएन स्कूल में छात्रों की परीक्षा चल रही है। सोमवार सुबह छात्र परीक्षा की तैयारी कर स्कूल पहुंचे। आरोप है कि शिक्षकों ने छात्रों के नाम बोलकर क्लास से बाहर कर दिया कि इन छात्रों की फीस जमा नहीं हुई है। फीस जमा होने पर ही परीक्षा दे सकेंगे। इसके बाद छात्र स्कूल के पार्क में बैठ गये। इसकी सूचना कुछ छात्रों के परिजनों को मिली तो वह स्कूल पहुंंचे। आरोप है कि एक माह की फीस जमा न होने पर छात्रों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जा रहा। सोमवार को छात्रों की अंग्रेजी की परीक्षा थी। वहीं, स्कूल प्रबंधक विकास राणा का कहना है कि जिन छात्रों की छह माह से फीस जमा नहीं है, उन्हें परीक्षा देने से रोका गया है, स्कूल में कोई हंगामा नहीं हुआ है।