मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर स्थित यूनियन बैंक में शनिवार को एक वृद्धा के थैले से 22 हजार रुपये चोरी हो गए। इस घटना ने बैंक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सौंदा मार्ग निवासी सविता देवी शनिवार को यूनियन बैंक में 22 हजार रुपये जमा करने आई थीं। उन्होंने यह रकम अपने थैले में रखी हुई थी। बैंक के अंदर दो युवकों ने उन्हें बातों में उलझा लिया। झांसा देकर आरोपियों ने उनके थैले से रकम निकाल ली। कैश काउंटर पर पहुंचने पर सविता देवी को थैला खाली मिला, जिसके बाद उन्हें चोरी का एहसास हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बैंकों में ऐसी वारदातें हुई हैं।