गाजियाबाद। शुक्रवार की सुबह गाजियाबाद स्टेशन के पूर्वी छोर पर तेजस राजधानी के कोच बी-1 के पटरी से उतरने के मामले में जांच तेज हो गई है। घटना की जांच के लिए गठित उच्च स्तरीय टीम ने ट्रैक का काम देख रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए है। ट्रैक निरीक्षक और पीडब्ल्यूआई से टीम ने पूछताछ कर ली है। इसके अलावा जिम्मेदार अधिकारियों के बयान दर्ज किए गए। डीआरएम सुखविंदर सिंह का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उधर, उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक शरण ने बताया कि रविवार को भी गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों द्वारा ट्रैक का निरीक्षण किया गया। यह घटना कैसे हुई, इसके लिए कौन जिम्मेदार है, किस खामी की वजह से यह दुर्घटना हुई जांच की जा रही है। स्टेशन मास्टर से भी पूछताछ की गई है। तकनीकी टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है। सोमवार को अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी।