साहिबाबाद। शालीमार गार्डन पुलिस की बृहस्पतिवार देर रात राजेंद्रनगर में मोबाइल लूटरे से मुठभेड़ हो गई। बाइक सवार लुटेरे के फायरिंग करने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी दो महीने पहले दिल्ली की जेल से छूटकर स्मैक पीने के लिए मोबाइल लूटने की घटना करने लगा। उसके पास से चोरी की बाइक, तमंचा और लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ है।
एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि रवि निवासी दिलशाद गार्डन रात 1:30 बजे बाइक से राजेंद्रनगर के कान्हा कॉम्प्लेक्स की तरफ से शालीमार गार्डन की तरफ आ रहा था। टीम ने उसे शक के आधार पर रुकने का इशारा दिया था लेकिन वह पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर भागने लगा। तुरंत वायरलेस सेट पर सूचना फ्लैश होते ही थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बाइक सवार की घेराबंदी शुरू की।
एसीपी के मुताबिक, आरोपी रवि पर दिल्ली और गाजियाबाद में चोरी और लूट के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि दिल्ली पुलिस ने उसे फरवरी 2024 में गिरफ्तार करके जेल भेजा था। वह दो महीने पहले ही बाहर आकर स्मैक पीने के लिए फोन लूटने की घटना करने लगा। उसने करीब 10 दिन पूर्व दिल्ली से बाइक चोरी की थी। पुलिस बरामद फोन को भी जानकारी एकत्र कर रही है।