गाजियाबाद। सिहानी गेट क्षेत्र के रामनगर में पिता की मौत के बाद बेटे द्वारा मां के नाम पर 20 लाख का ऋण लेने और उसे डेबिट कार्ड की मदद से निकालने का मामला सामने आया है। जानकारी होने पर मां ने विरोध किया तो बेटा घर में रखे पांच लाख की कीमत के गहने और एक लाख की नकदी लेकर भाग गया। पुलिस से शिकायत करने को कहा तो आरोपी बेटे ने मां और भाई-बहनों की पिटाई की।
रामनगर में रहने वाली संतोष पाल ने बताया कि कोरोना काल में उनके पति की मौत हो गई थी। बड़े बेटे विनोद पाल ने एचडीएफसी बैंक की आंबेडकर रोड शाखा से उनके नाम पर 20 लाख रुपये का ऋण ले लिया और उनके खाते से विनोद ने डेबिट कार्ड से 15.77 लाख रुपये निकाल लिए। आरोप है कि उन्होंने विरोध किया तो बेटे ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बेटी और दो छोटे बेटे की परवरिश का हवाला देकर रुपये और गहने लौटाने को कहा तो उसने इनकार कर दिया। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।