मुरादनगर। गंगनहर घाट पर मंगलवार दोपहर नहाते समय एक युवक अपनी मां की आंखों के सामने डूब गया। बेटे को पानी में समाता देख मां चीख-पुकार करने लगीं। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक युवक का सुराग नहीं लग सका। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रताप विहार, विजयनगर निवासी हरमीत सिंह (26) पुत्र नरेंद्र सिंह भाटिया मंगलवार को मां दविंदर कौर के साथ मुरादनगर गंगनहर घाट पर नहाने पहुंचे थे। दोपहर करीब 1:45 बजे नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देखकर दविंदर कौर मदद के लिए चीखने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसीपी ने बताया कि देर शाम तक युवक की तलाश जारी रही। एनडीआरएफ की सहायता के लिए भी पत्र भेजा गया है। युवक की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।