गढ़मुक्तेश्वर। खादर क्षेत्र के गांव में पुलिस ने गश्त के दौरान एक शराब तस्कर को कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है, पुलिस ने आरोपी पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम शुक्रवार रात को गश्त कर रही थी। तभी संदिग्ध व्यक्ति गांव सौगढ़ के रास्ते पर आता दिखाई दिया, जो पुलिस टीम को देखकर छिपने का प्रयास करने लगा। पुलिस को संदेह हुआ और पीछा करते हुए रोक लिया। इस दौरान पकड़े गए व्यक्ति के पास मिली प्लास्टिक की कैन की तलाशी ली तो उसमें 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई, जहां आरोपी ने खुद को जागन निवासी इनायतपुर, गढ़ का बताया। उसने बताया कि वह कच्ची शराब तैयार कर आसपास के गांवों में बेचता है। सीओ ने बताया कि आरोपी पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।