मुरादनगर। करीब पंद्रह दिन पूर्व थानाक्षेत्र मसूरी में फैक्टरी के चौकीदार को बंधक बनाकर हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों व माल खरीदने वाले कबाड़ियों समेत छह को गिरफ्तार किया है। कब्जे से लूट का तांबा बेचकर खरीदी गई दो बाइक, बाइस हजार रुपये, 75 किलो 500 ग्राम तांबा बरामद किया है।
डीसीपी शुभम पटेल ने बताया कि 8 जुलाई को मसूरी इंडस्ट्रियल स्थित अंशुल मशीनरी परसोन फैक्टरी में घुसकर तीन बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर इन्वर्टर, बैट्री व करीब तीन लाख रुपये कीमत का स्क्रैप तांबा लूट लिया। मामले में गाजियाबाद कैला भट्ठा निवासी शमसुल हसन ने वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मसूरी पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन बदमाशों मुसाहिद निवासी नाहल गांव मसूरी, मुरतजा निवासी सोमन्दत गांव थाना परीक्षितगढ़ जिला मेरठ व मसूरी नहाल गांव निवासी गुलफाम को अंडर पास के पास नीचे पिलखुवा की ओर से गाजियाबाद जाने वाले सर्विस रोड से लूट के तांबे व दो बाइक समेत गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने यह तांबा 7 जुलाई को परसोन इंडस्ट्रियल एरिया से लूटा था। लूट का माल उन्होंने कबाड़ी इमरान निवासी ताज कालोनी मसूरी, तेजपाल निवासी कस्बा पिलखुवा व मोनिस निवासी बोन्द्रा किठौर मेरठ को बेच दिया था। माल बेचकर मुसाहिद व गुलफाम ने बाइक खरीदी थी। बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों कबाड़ियों को गिररफ्तार किया। कब्जे से खरीदा गया 75 किलो 500 ग्राम तांबा व नकदी बरामद की। पकड़े गए बदमाशों पर कई आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।