गाजियाबाद। विजयनगर के प्रताप विहार निवासी फल विक्रेता राजीव कुमार को बालक राम ने अपने बेटे व कुछ लोगों के साथ मिलकर पीट दिया। हमले में राजीव का कूल्हा भी टूट गया। राजीव के भाई मनोज कुमार ने विजयनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मनोज कुमार ने बताया कि 27 अगस्त की रात राजीव दुकान बंद कर रहा था। इसी दौरान बालकराम आया और कीवी मांगने लगा। उनके भाई ने फल सुबह देने की बात कही। इस बात वह नाराज हो गया और गाली-गलौज करते हुए चला गया। कुछ देर में अपने बेटे व कुछ लोगों के साथ लौटा और हमला कर दिया। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।