साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र में वसुंधरा फ्लाईओवर के पास संगम होंडा एजेंसी के सामने सोमवार रात को फैक्टरी सुरक्षाकर्मी का शव मिला। मौत का कारण सीने में धारदार व नुकीली चीज से चोट लगना रहा। राहगीर की ओर से पुलिस को सूचना देने पर मामले की जानकारी हुई। पुलिस को शव के पास पड़े बैग से अलग अलग पते के आधार कार्ड व दस्तावेज भी मिले हालांकि हत्या की वजह और आरोपियों को पकड़ने में पुलिस अभी खाली हाथ है।
एसीपी साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि सोमवार रात को डायल 112 पर एक व्यक्ति के हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच की गई तो पिलर के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक के सीने पर धारदार चीज से चोट का निशान था। तलाशी के दौरान घटनास्थल के पास ही कपड़ों से भरा बैग और एक पर्स मिला। कागजात से मृतक की पहचान भिंड मुरैना मध्यप्रदेश निवासी देव सिंह (50) पुत्र खड़कजीत के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की जानकारी परिजन को दी। परिजन ने बताया कि सोमवार को देव सिंह की भाभी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। परिवार के पास घर जाने के लिए देव सिंह फैक्टरी से निकले थे। देव मेरठ रोड स्थित उत्तम इंजीनियरिंग फैक्ट्ररी में सुरक्षा गार्ड कम केयर टेकर का काम करते थे। पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची तो फैक्टरी बंद मिली।
आपसी विवाद या दुश्मनी, हो सकती है मौत की वजह
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि बैग में मूल पते समेत तीन अलग-अलग पते के आधार कार्ड मिले हैं। इनमें लोकल पते पर जानकारी की गई तो कोई भी पता वैरिफाई नहीं हुआ जबकि बैग से आधार कार्ड के अलावा तीन चार अलग-अलग बैंक की पासबुक, एलआईसी पॉलिसी व लोन के प्रार्थना पत्र भी मिले लेकिन बैग और पर्स में रखी धनराशि को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि देव के साथ लूट जैसी कोई घटना नहीं होगी। इस कारण पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को हत्या मानते हुए इसकी वजह आपसी विवाद या दुश्मनी के कोण पर जांच कर रही है।
दो युवक रेलवे रोड की ओर भागे
पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाले तो दो युवकों के साथ देव नजर आया है। दोनों युवक घटना के बाद रेलवे रोड की ओर चले गए। सीसीटीवी फुटेज साफ नहीं होने के कारण पुलिस को सही अंदाजा लगाने में परेशानी आ रही है। पुलिस यह पता कर रही है कि देव सिंह मेरठ रोड से साइट चार के सुनसान इलाके में कैसे और क्यो पहुंचे।