मुरादनगर। स्कूटी सवार युवक ने साइकिल से अपनी नानी के घर जा रही 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं आरोपी ने करीब 200 मीटर तक छात्रा का पीछा भी किया। थानाक्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति की 18 वर्षीय बेटी कक्षा 11वीं की छात्रा है। सोमवार शाम साइकिल से छात्रा हिसाली मार्ग से होते हुए एक कॉलोनी में अपनी नानी के घर जा रही थी। बीच रास्ते में पहुंची तो स्कूटी सवार युवक ने छात्रा का पीछा किया, छात्रा से आगे स्कूटी निकाल कुछ दूरी पर जाकर रुक गया और छेड़छाड़ की। छात्रा व उसके परिजन थाने पहुंचे और तहरीर दी। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।