गाजियाबाद। वसुंधरा के रहने वाले बीएचईएल के उप प्रबंधक से साइबर ठगों ने विदेशी कंपनी में निवेश करने और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.35 करोड़ रुपये ठग लिए। ठगों ने सोशल मीडिया पर लिंक भेजकर एक ग्रुप में जोड़ा इसके बाद कई फायदे बताकर पांच गुना तक मुनाफे के बारे में बताया। उन्हें जब रुपये वापस नहीं मिले तो ठगी का एहसास हुआ। मामले में उन्होंने साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में 58 लाख रुपये फ्रीज करा दिए हैं।
पीड़ित का कहना है कि जिस ग्रुप में उन्हें जोड़ा गया। उसमें शेयर ट्रेडिंग की जानकारी दी जा रही थी। इसके बाद उनसे एक धनंजय सिन्हा नाम के व्यक्ति ने बात की। उनसे बताया कि उनकी कंपनी का हेडक्वार्टर यूएस में है। कंपनी अभी जापान से काम करती है। वहां से उसे बंद कर करीब 10 बिलियन डॉलर का निवेश करेगी। इससे निवेश करने वालों को फायदा होगा। झांसे में लेकर उनसे एक एप इंस्टॉल कराया और 20 लाख रुपये निवेश कराए। ऐसा करके कई बार मेंं उनसे 1.35 करोड़ रुपये ले लिए। उनके वॉलेट में आठ करोड़ रुपये दिखाए गए। उन्होंने बीच में उन्हें निकालने का प्रयास किया तो शातिरों ने और रकम की मांग की। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि मामले में 58 लाख रुपये पीड़ित को वापस करवाएं जा रहे हैं। शातिरों को ट्रेस करने का प्रयास भी किया जा रहा है।