साहिबाबाद। पैर में प्लास्टर होने के बावजूद राजस्थान के सौरभ पैदल ही कांवड़ लेकर आ रहे हैं। जीटी रोड से गुजरते हुए सौरभ ने बताया कि कांवड़ लाते हुए मुजफ्फरनगर में बाइक सवार से टक्कर लगने के दौरान उनके बाएं पैर में चोट लग गई। चोट लगने के बाद पुलिस प्रशासन ने उपचार कराया और पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर बताई, फिलहाल कच्चा प्लास्टर किया गया है। लोगों ने उन्हें गाड़ी से लौटने को कहा लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं हुए।
सौरभ ने बताया कि वह पांच वर्ष से कांवड़ ला रहे हैं। सौरभ कहते हैं कि हो सकता था कि दुर्घटना में उनकी जान चली जाती, लेकिन भगवान ने उन्हें बचा लिया और अब चलते हुए भी उन्हें कोई तकलीफ नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि साथियों ने गाड़ी के जरिये वापस होने को कहा, लेकिन वह भगवान भोलेनाथ पर विश्वास करते हुए पैदल चल रहे हैं और उनका विश्वास है कि सब ठीक रहेगा।
इनसेट
कट बंद होने से बढ़ रही परेशानी
जैसे-जैसे कांवड़ियों की भीड़ सड़क पर बढ़ रही है, पुलिस प्रशासन कट बंद कर रही है। बुधवार को कई और कट बंद कर दिए गए। राजीव कॉलोनी से साहिबाबाद अंडरपास की ओर जाने वाले रास्ते को भी बुधवार को बंद कर दिया गया। कट बंद होने से वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।