गाजियाबाद। लोनी में ग्लैंडर्स बीमारी से ग्रसित एक घोड़े की मौत के बाद पशु चिकित्सा विभाग और स्वास्थ्य विभाग सजग हो गया है। पशु चिकित्सा विभाग ने लोनी क्षेत्र में ईंट भट्ठों पर लगे 50 घोड़ों के सैंपल ग्लैंडर्स बीमारी की जांच के लिए भेजे हैं। जिस घोड़े की बीमारी से मौत हुई थी, उसके संपर्क में आने वाले छह लोगों के खून की जांच स्वास्थ्य विभाग ने कराई है। सभी की रिपोर्ट सामान्य आई है, किसी भी व्यक्ति में कोई लक्षण नहीं मिला है। जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश कुमार ने बताया कि लोनी के सिटी भट्ठा पर घोड़े को ग्लैंडर्स संक्रमण से उसकी मौत हो गई। घोड़े का अंतिम संस्कार भी प्रोटोकॉल के अनुसार नहीं किया गया। सूचना मिलने पर विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच की और लोनी क्षेत्र के 50 घोड़ों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। उनकी रिपोर्ट का इंतजार है, रिपोर्ट आने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि ग्लैंडर्स घोड़ों में होने वाली एक घातक बीमारी है। इस बीमारी से पीड़ित घोड़े के संपर्क में आने से इंसान में भी संक्रमण होने की आशंका रहती है। इसलिए घोड़ों की देखभाल करने वाले छह लोगों के खून की जांच कराई गई। इसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को भेज दी गई है।