फाउंडेशन का लोगो लगा लें दूसरों का जीवन बचाएं, 14 को करें रक्तदान - अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित होगा शिविर माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। कोरोना के संक्रमण काल मे दूसरों का जीवन बचाएं और रक्तदान के लिए आगे आएं। विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सुबह आठ बजे से होगा। आपका दान किया हुआ रक्त अस्पताल के ब्लड बैंक में रखा जाएगा, जो जरूरतमंदों को यहां से उपलब्ध कराया जाएगा।रक्तदान एक जीवन प्रदान करने वाली गतिविधि है। यही वजह है कि इसे ‘महादान’ कहा जाता है। आपके रक्त की बूंद का हर कतरा किसी के जीवन का स्रोत बन सकता है। इसकी कमी की वजह से किसी की जान न जाए, इसके लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हर वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इस साल शिविर का आयोजन 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर होने जा रहा है। फिर देर किस बात की है, हो जाइये तैयार, अपने रक्त से किसी की जान बचाने के लिए। ब्लड बैंक प्रभारी डा. दीप्ति वार्ष्णेय का कहना है कि रक्तदान 18 से 60 वर्ष की आयु का कोई भी महिला या पुरुष कर सकता है। एक बार रक्तदान के बाद दूसरी बार रक्त देने के लिए 90 दिन का फासला होना जरूरी होता है। रक्तदान के फायदे सीएमओ डा. एनके गुप्ता ने बताया कि रक्तदान से हार्ट अटैक की संभावनाएं कम होती हैं। इससे वजन कम करने में मदद मिलती है। रक्तदान से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है। लीवर से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलती है। आयरन की मात्रा को बैलेंस करने से लिवर स्वस्थ बनता है और कैंसर का खतरा भी कम हो जाता है। रक्तदान के बाद शरीर में तेजी से नया रक्त बनता है।