वेतन देने से किया मना तो कर्मचारियों ने किया हंगामा - वसुंधरा सेक्टर नौ स्थित डीपीएसजीवी स्कूल ने ड्राइवर, पियोन, हेल्पर, को सैलरी देने से किया मना - 55 कर्मचारियों ने स्कूल के बाहर एकत्रित होकर वेतन देने की मांग स्कूल प्रबंधन से की
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर नौ स्थित डीपीएसजीवी स्कूल के बाहर यहां पर काम करने वाले फॉर्थ क्लास कर्मचारियों ने वेतन नहीं मिलने पर हंगामा किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से वेतन देने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि वह कई वर्षों से यहां पर काम कर रहे हैं। लॉकडाउन में जब पैसे की सबसे ज्यादा जरूरत है तो वह वेतन देने से मना कर रहा है। कर्मचारी मनोज कुमार ने बताया कि स्कूल में करीब 55 से ज्यादा कर्मचारी काम करते है। कई वर्षों से वह लोग काम कर रहे हैं। लॉकडाउन होने के बाद से स्कूल प्रबंधन ने उन्हें काम पर आने के लिए मना कर दिया था। तब से वह स्कूल नहीं आ रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने मार्च का वेतन कुछ दिनों पहले दिया है। जिसमें भी आठ सौ रुपये काटकर सभी कर्मचारियों को दिए गए। अब स्कूल प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों का अप्रैल का वेतन नहीं दिया है। जब इसको लेकर कर्मचारियों ने स्कूल प्रबंधन से बात की तो उन्होंने साफ कह दिया कि वह वेतन नहीं देंगे। सोमवार को सभी कर्मचारी एकत्रित होकर स्कूल पर पहुंचे तो उन्हें स्कूल के बाहर रोक दिया गया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बात करने की मांग की लेकिन प्रबंधन ने कोई भी बात करने से इंकार कर दिया। वह लोग स्कूल के बाहर धूप में बैठकर ही प्रबंधन के अधिकारियों के बाहर आने का इंतजार करने लगे लेकिन कोई भी उनसे मिलने नहीं आया। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनको वेतन नहीं मिलेगा तो वह लोग रोज बाहर आकर अपना विरोध जाहिर करेंगे। इस मौके पर मनोज, बंटी, विक्की, अशोक, आशा, गीता, उमा, इंदू, नीरज, अमृता आदि मौजूद रहे। स्कूल के प्रधानाचार्य त्रिलोक सिंह बिष्ट ने बताया कि उनके यहां पर ऑनरोल सभी कर्मचारियों को वेतन दिया जा रहा है। स्कूल में कुछ कामों के लिए एजेंसी रखी गई थी। एजेंसी के कर्मचारी स्कूल में काम कर रहे थे। एजेंसी का कांट्रेक्ट मार्च में खत्म हो गया था। मार्च तक का पेमेंट एजेंसी को कर दी गई थी। जो लोग हंगामा कर रहे है वह एजेंसी के कर्मचारी हैं। उन्हें वेतन देने की जिम्मेदारी एजेंसी की है।