इंदिरापुरम। कौशांबी थाना क्षेत्र वैशाली में अस्पताल से कैश कलेक्शन करने फील्ड में निकले एजेंट के बैग से संदिग्ध परिस्थिति में करीब 23 लाख 30 हजार रुपये गायब हो गए। शुक्रवार को कैश मैनेजमेंट कंपनी की तरफ से एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी ने कैश गिर जाने का बहाना बनाया। पुलिस एजेंट से पूछताछ कर रही है।
जयशंकर दिल्ली की कैश मैनेजमेंट कंपनी के मानव संसाधन विभाग के सहायक प्रबंधक हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कंपनी में रवि कुमार नाम का व्यक्ति तैनात है। रवि कुमार वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में कैश कलेक्शन के लिए गया था। यहां से 23.30 लाख रुपये लेकर करीब आधा किलोमीटर दूर यूपी गेट पर खड़ी कैश वैन पर पहुंचा। वैन पर तैनात दूसरे कर्मचारी ने रवि को बताया कि उसके बैग की चेन खुली है। इसी में रवि ने नकदी रखी थी। तुरंत इस मामले में कंपनी को सूचना दी गई। जयशंकर का कहना है कि रवि पर उन्हें शक है।
रकम हड़पने के लिए वह कंपनी को गुमराह कर रहा है। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उससे पूछताछ की जा रही है। अस्पताल और वैन के बीच रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। अस्पताल से ही बैग की चेन खुली थी। हालांकि उस समय बैग में नकदी का पैकेट रखा दिख रहा था। बीच में यह पैकेट कहीं गिर गया या गायब किया गया, इसकी फुटेज नहीं मिली है। पूछताछ और फुटेज से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।