साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 में फिजियोथेरेपिस्ट से पाशा गैंग के नाम पर 20 लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी की रकम न देने पर उन्हें गोली से मारने की धमकी भी दी। पुलिस जांच में चोरी के फोन से रंगदारी मांगने की बात सामने आई है। शालीमार गार्डन पुलिस मुकदमा दर्ज कर बदमाशों को तलाश कर रही है।
शालीमार गार्डन के सी ब्लॉक में रहने वाले डॉक्टर मोहम्मद सरताज खां ने पुलिस को बताया कि 11 अगस्त की शाम 6:45 बजे उन्हें अनजान नंबर से कॉल आई, जिसमें युवक ने खुद को पाशा गैंग का सरगना बताकर 20 लख रुपये की रंगदारी मांगी। बदमाश ने उनसे रात 11:00 बजे तक दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर रकम लेकर पहुंचने की चेतावनी भी दी। रंगदारी की रकम न देने पर उन्हें घर से निकलते ही गोली मारने की धमकी भी दी। बदमाश की कॉल आने पर वह घबरा गए और तुरंत थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि चोरी के फोन को ट्रेस कर बदमाशों की लोकेशन मिली है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।