साहिबाबाद। इंदिरापुरम के लोगों को गर्मियों में भरपूर पानी देने के लिए जीडीए अधिकारियों ने तैयारी कर ली है। ट्यूबवेल, यूजीआर, पंप व पेयजल लाइन के रखरखाव पर 1.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गंगाजल आपूर्ति बंद होने पर पानी मिल सकेगा।
गंगाजल की आपूर्ति बंद होने पर नगर निगम व जीडीए अधिकारी अपने निजी संसाधनों से पानी आपूर्ति करते हैं। गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ने पर नलकूपों से भी पेयजल आपूर्ति की जाती है। जीडीए अधिकारियों ने नलकूप, ट्यूबवेल आदि की देखरेख करनी शुरू कर दी है। जीडीए अधिशासी अभियंता आलोक रंजन ने बताया कि इंदिरापुरम योजना के ट्यूबवेल, यूजीआर, पंप, पेयजल लाइन की वार्षिक देखरेख करने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था देखरेख पर 1.36 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। इससे योजना से जुड़े चार लाख लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिल सकेगी।
गंदे पानी की समस्या का होगा निस्तारण
जीडीए अधिकारियों को कई इलाकों से गंदा पानी आपूर्ति होने की शिकायत मिलती हैं। गंदे पानी की समस्या का कारण लाइनों में फॉल्ट होना है। इससे नाले व जमीन का पानी लाइन में मिश्रित हो जाता है। सुबह शाम को आपूर्ति के पानी में मिलकर आपूर्ति होती है। इससे निपटने के लिए लाइनों के फॉल्ट को ठीक कराया जाएगा। ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो सके।