गाज़ियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने मंगलवार सुबह आरआरटीएस के दुहाई स्टेशन पर तैनात रेल ऑपरेटर से स्कूटी, मोबाइल, नकदी व अन्य सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पिलखुवा की रजनी विहार कॉलोनी निवासी हर्ष शर्मा आरआरटीएस के दुहाई स्टेशन पर रेल ऑपरेटर हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार तड़के करीब ढाई बजे वह ड्यूटी जाने के लिए घर से स्कूटी पर निकले थे। जैसे ही वह गुलधर होते हुए एचआर इंस्टीट्यूट के सामने वाले कट से मुड़कर स्टेशन की तरफ चले तो पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। पीछे बैठा बदमाश उनके पास आया और तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी देते हुए उनकी स्कूटी और काले रंग का बैग लूट लिया। बैग में मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, डेबिट कार्ड और 280 रुपये रखे थे। हर्ष शर्मा का कहना है कि उन्होंने रेपिड रेल स्टेशन पर जाकर स्टेशन कंट्रोलर को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बदमाशों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।