गाजियाबाद। वेव सिटी क्षेत्र में बम्हेटा में जिंदल स्कूल के पास तीन बदमाशों ने सामान डिलीवरी करने जा रहे विपिन कुमार को रास्ते में रोककर गाली-गलौज की। विरोध करने पर तीनों ने उसकी पिटाई कर मोबाइल और डिलीवरी का सामान लूट लिया। आरोप है घटना छह जून की है।
मूलरूप से इटावा के भरथना के रहने वाले विपिन कुमार ने बताया कि वह यहां बहरामपुर में रहते हैं और डिलीवरी बॉय का काम करते हैं। छह जून को वह बम्हेटा की तरफ डिलीवरी करने जा रहे थे। रास्ते में उन्हें तीन युवकों ने रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध किया तो उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद एक ने उनका मोबाइल और दूसरे युवक ने डिलीवरी का ऑर्डर छन लिया। मामले में उन्होंने वेव सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी वेव सिटी पूनम मिश्रा का कहना है कि जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।