फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: घंटे भर की बारिश से डूबी सड़क, नगर निगम के दावों की खुली पोल

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। शहरवासियों के लिए शुक्रवार को बारिश एक बार फिर आफत बन गई। घंटेभर की बारिश ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम का दम निकालकर रख दिया। नालों में उफान से सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। नगर निगम के नालों की सफाई के दावों की एक बार फिर पोल खुल गई। शहर के मुख्य बाजार से लेकर गली-मोहल्ले बारिश के पानी में डूब गए। सबसे बुरा हाल नगर निगम मुख्यालय के बाहर दिखा। बारिश ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी एक बार फिर से बढ़ा दी है।
विज्ञापन

नगर निगम के अधिकारी इस बार मानसून में जलभराव से निपटने की पुख्ता तैयारियों का दावा कर अपनी पीठ खुद ही थपथपा रहे थे लेकिन, शुक्रवार सुबह करीब एक से डेढ़ घंटे तक जमकर बारिश हुई तो निगम अधिकारियों की बोलती बंद हो गई। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में भाजपा के पदाधिकारियों को विधानसभा उपचुनाव में जीत का मंत्र दे रहे थे। दूसरी तरफ, शहर की जनता सड़कों पर ध्वस्त ड्रेनेज सिस्टम की मार झेल रही थे।
कोई नालों की सफाई पर लाखों रुपया खर्च करने वाले नगर निगम अधिकारियों को कोसता दिखा तो कोई बारिश से लबालब सड़कों पर अपने बंद वाहनों को धक्का लगाने में जुटा रहा। खुले नाले लोगों की जिंदगी जोखिम में डालते दिखे। नगर निगम मुख्यालय के गेट के ठीक सामने जलभराव के बीच खुले नाले में बाइक सवार गिर गया। आसपास खड़े लोग उसकी मदद के लिए दौड़ पड़े। गाजियाबाद की सबसे पॉश इलाकों में शामिल नवयुग मार्केट में भी जलभराव हो गया। पटेलनगर स्थित चौधरी छबीलदस पब्लिक स्कूल के पास सड़क स्वीमिंग पूल में तब्दील नजर आई। भोपुरा डीएलएफ गेट के सामने बारिश का पानी भर जाने से आवाजाही बाधित हो गई।
विज्ञापन

सेठ मुकुंदलाल कॉलेज के परिसर और बाहर सड़क पर घुटनों तक जलभराव होने से पुलिस भर्ती की परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा नई बस्ती, कैलाभट्ठा, पांडव नगर, लालकुआं सहित कई जगह सीवर और नालों का पानी उफनकर सड़कों पर जमा हो गया। हाईवे-9 से लगते इलाकों में भी जलभराव से लोग परेशान रहे। ऐसे में हाईवे के रास्ते दिल्ली-नोएडा जाने वाले लोगों को सर्विस लेन पर जलभराव के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। छिजारसी कट, विजयनगर बागू, राहुल विहार सहित कई जगह वाहनों की रफ्तार थमी रही। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र की टूटी सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
-निगम मुख्यालय को जलभराव ने घेरा-
बारिश के कारण जलभराव से निपटने की तैयारियों का अंदाजा नगर निगम मुख्यालय के बाहर जलभराव को देखकर लगाया जा सकता था। जलभराव से पूरा निगम मुख्यालय घिरा नजर आया। निगम मुख्यालय के दोनों ओर सड़कें एक से डेढ़ फुट पानी में डूबी नजर आईं। निगम मुख्यालय परिसर के अंदर तक पानी जमा हो गया। दोपहिया वाहनों की पार्किंग में जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्यालय के पिछले हिस्से में कंट्रोल रूम का मुख्य गेट भी कीचड़ और जलभराव से बेहाल दिखा।
-महापौर के घर का रास्ता भी जलमग्न-
महापौर सुनीता दयाल के घर की तरफ जाने वाला रास्ता भी डूब गया। नरेंद्र मोहन पॉलीक्लीनिक के सामने मुख्य सड़क से लेकर महापौर के निवास को जोड़ने वाली सड़क पर करीब एक फुट तक जलभराव हो गया। इसके अलावा मालीवाड़ा चौक और कालका गढ़ी चौराहे पर भी जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
-56 हॉटस्पॉट सुधारने का दावा-
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक बार-बार कहते हैं कि पिछले साल शहर में जलभराव के 56 हॉटस्पॉट की पहचान की गई थी। इस बार मानसून से पहले ही नगर निगम ने अस्थायी और स्थायी पंप लगाकर जलभराव से निपटने की पुख्ता तैयारियां की हैं। कई जगह स्थायी और कई जगह जल निकासी के अस्थायी इंतजाम किए गए हैं लेकिन, शुक्रवार को एक से डेढ़ घंटे की बारिश ने नगर निगम के सारे इंतजामों को धो डाला।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें