गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने सब्जी लेकर घर जा रहीं सेवानिवृत्त लेखपाल विजय सिंह की पत्नी संतोष देवी के कानों पर झपट्टा मारकर कुंडल लूट लिए। इसके बाद बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भाग गए। घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है।
विजयनगर के शिवपुरी की रहने वाली संतोष देवी ने बताया कि वह पति के साथ बाजार सब्जी लेने गई थी। वापस लौटते समय जैसे ही वे पुराना विजयनगर क्षेत्र में पहुंची तो पीछे से आए एक बदमाश ने कानों पर झपट्टा मारकर कुंडल निकाल लिए। इससे उनके कान भी कट गए। उन्होंने जैसे ही पीछे मुड़कर देखा तो बदमाश अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर भाग गया। उन्होंने शोर मचाया और राहगीर से मोबाइल लेकर अपने बेटे व पुलिस को सूचना दी। मामले में उन्होंने विजयनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी कोतवाली प्रियाश्री पाल ने बताया कि मामले में लुटेरों की तलाश के लिए टीमें लगी हैं। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हाल में हुई लूट की घटनाएं
- 23 मार्च को सिहानी गेट क्षेत्र में नए बस अड्डे के पास हर्ष वर्धन से मोबाइल लूटा।
- 22 मार्च को सिहानी गेट क्षेत्र में लोहियानगर कट के पास गीता से पर्स लूटा।
- 19 मार्च को मधुबन बापूधाम क्षेत्र में रहीसपुर रोड पर तीन बदमाशों ने रामवीर सिंह से मोबाइल व लैपटॉप लूटा।
- 14 मार्च को विजयनगर के प्रताप विहार में सुनीता शर्मा से बदमाशों ने कुंडल लूटे।