हापुड़। सितंबर के मध्य माह से आय की कमी से जूझ रहे उप निबंधन कार्यालय को नवरात्रि में बूस्टर डोज मिली है। नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही पिछले तीन दिनों में करीब 500 जमीनों के बैनामे जिले में हुए हैं। इससे विभाग को 4.25 करोड़ से अधिक की आय हुई है। इसमें कुछ जमीनों के एग्रीमेंट भी शामिल हैं। इनका आगामी दिनों में बैनामा होगा। इससे विभाग की आय और बढ़ेगी।
नवरात्रि का त्योहार अब तक निबंधन कार्यालय के लिए राहत भरा रहा है। उप निबंधन कार्यालय के आंकड़ों पर नजर डालें तो सितंबर माह के मध्य से बैनामों की संख्या 40 प्रतिशत रह गई थी। इस कारण विभाग का राजस्व भी घटा था, लेकिन तीन अक्तूबर से जिलेभर में रजिस्ट्री कार्यालय में कुल 502 दस्तावेज पेश किए गए। इनके बैनामे से विभाग को बड़ी आय हुई है। नवरात्रि के दिनों में अब तक 50 लाख से अधिक की आय विभाग को हुई है। यह आंकड़ा पिछले सप्ताह की तुलना में 35 फीसदी अधिक है। ऐसे में रजिस्ट्री विभाग को आगामी धनतेरस व दीपावली पर बेहतर राजस्व के आने की उम्मीद जगी है।
लोगों की भीड़ बढ़ने के कारण शनिवार को भी कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों को अधिक समय के लिए बैठना और रुककर कार्य करना पड़ा। सुबह से ही अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय में पहुंच गए थे और टोकन के अनुसार लोगों के बैनामे कराने की प्रक्रिया शुरू कराई गई। अलग-अलग काउंटरों पर लोगों की भीड़ रही। इसमें धौलाना के काउंटर पर सबसे अधिक भीड़ रही।
रियल स्टेट में भी आया बूम, औद्योगिक गतिविधियों में हुआ इजाफा
नवरात्रि के दिनों को शुभ मानते हुए लोग जगह-जगह भूमि पूजन करा रहे हैं। उद्योग विभाग के अनुसार जनपद में पिछले तीन दिनों में करीब 10 नई औद्योगिक इकाईयों के लिए भूमि पूजन हुआ है। जबकि, 25 से अधिक ने फैक्टरियों के लिए भूमि पूजन कराया है। वहीं, बैनामों में तेजी आने से जनपद में रियल स्टेट कारोबारियों को खुशी मिली है। बीते दिनों से कोई नया एग्रीमेंट और बैनामा न होने से यह कारोबार ठप सा पड़ा हुआ था।
धौलाना के बाद हापुड़ लोगों की बना पसंद
जिले में पिछले तीन दिनों में करीब 500 जमीनों के बैनामे हुए हैं। इसमें धौलाना तहसील क्षेत्र के लिए सबसे अधिक करीब 210, हापुड़ तहसील क्षेत्र में करीब 190 और गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के लिए करीब 100 बैनामे हुए हैं। धौलाना क्षेत्र उद्यमियों की पहली पसंद बना हुआ है। यहां सबसे अधिक व्यापारिक गतिविधियों के लिए बैनामे हो रहे हैं।
यह कहते हैं अधिकारी
श्राद्ध के मुकाबले नवरात्रि में बैनामे कराने वालों की संख्या दोगुनी हो गई है। राजस्व बढ़ाया जा सके और सभी का कार्य समय से हो, इसके लिए निरंतर अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी कर रहे हैं।
- अरुण शर्मा, एआईजी स्टाम्प