मुरादनगर। जमीन दिलाने का झांसा देकर पूर्व प्रधानाचार्य से दो लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई है।
साहिबाबाद स्वरूप पार्क निवासी विजयपाल सिंह केवीएस विद्यालय से रिटायर्ड प्रधानाचार्य हैं। विजयपाल सिंह ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने व उनके साथी रिटायर्ड शिक्षक हरजाप सिंह निवासी जीटीवी एन्क्लेव दिल्ली ने सितंबर 2024 में मुरादनगर के मथुरापुर गांव में 40 लाख रुपये में एक जमीन का सौदा तय किया था। इसका एग्रीमेंट किया गया था। एडवांस के तौर पर उन्होंने 15 लाख रुपये चेक से व 10 लाख रुपये नकद दिए थे। जमीन का सौदा कराने वाले बिचौलिये ने भी 45 हजार रुपये लिए थे। बाकी धनराशि जनवरी 2025 में देना तय हुआ था। आरोप है कि तय तिथि पर बैनामा किसी और को कर दिया गया। आरोपियों ने दो लाख रुपये रोककर बाकी रकम वापस कर दी। अब बकाया रकम मांगने पर आरोपी गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।