गाजियाबाद। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। शातिरों ने उन्हें वीडियो कॉल करके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ली और बाद में उसे इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी देकर रकम मांगने लगे। मामले में उन्होंने साइबर सेल में शिकायत कर कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। कविनगर निवासी सेवानिवृत प्रधानाचार्य का कहना है कि 12 अक्तूबर को उनके पास अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई, जैसे ही उन्होंने कॉल उठाई तो एक महिला अश्लील हरकतें करने लगी। उन्होंने कॉल काट दी। 14 अक्तूबर की दोपहर उनके पास फिर से एक कॉल आई तो वह उठा नहीं सके। इसके बाद उनके पास फिर से दूसरे नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को दिल्ली पुलिस का एसएचओ बताया और अश्लील हरकतें करने के संबंध में शिकायत मिलने की बात कहते हुए धमकाया। इसके बाद उसने एक अन्य व्यक्ति का नंबर देकर बात करने को कहा। उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया तो उसने खुद को यू-ट्यूब अधिकारी संजय सिंह बताया और साढ़े 31 हजार रुपये की मांग करने लगा। नहीं देने पर वीडियो अपलोड करने की धमकी देने लगा। उन्हें ठगी करने का अहसास हुआ तो उन्होंने शिकायत की। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में मोबाइल नंबरों के जरिये शातिरों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।