मोदीनगर। आयुर्वेदिक कंपनी में निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी लोमेश कुमार शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है लोमेश ने निवेश के नाम करोड़ों रुपये ठगे। मोदीनगर निवासी अतुल से भी नौ लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई। पुलिस ने अतुल की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। निवाड़ी रोड निवासी अतुल सिंह ने बताया कि उनकी मुलाकात नगर कृष्णाकुंज कॉलोनी निवासी लोमेश कुमार शर्मा से हुई। लोमेश शर्मा ने अतुल को एक अच्छी आयुर्वेदिक कंपनी के बारे में जानकारी दी और उसकी फ्रंचाइजी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद लोमेश ने अतुल सिंह से उक्त कंपनी में नौ लाख रुपए का निवेश करा दिए। अतुल के अलावा अन्य लोगों से भी करोड़ो रुपये निवेश कराए। कुछ दिन बाद तथाकथित आयुर्वेदिक कंपनी के अधिकारी भाग गए। अतुल ने जब लोमेश शर्मा से अपनी रकम वापस मांगी तो वह बहानेबाजी करने लगा। अतुल सिंह ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मोदीनगर थाने से लेकर पुलिस कमिश्नर तक चक्कर लगाए, मगर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद अतुल ने डीजीपी को पत्र लिखकर इंसाफ की गुहार लगाई। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर लोमेश कुमार शर्मा पुत्र प्रेमचंद शर्मा निवासी कृष्णा कुंज तिबड़ा रोड के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।