मोदीनगर। भोजपुर के गांव मुकीमपुर स्थित नंगोला अमीपुर नाले में और उसके आसपास रविवार सुबह 10 गोवंश के अवशेष पड़े मिले। मामले की जानकारी पर लोगों में आक्रोश पैदा हो गया। मौके पर आसपास के गावों के ग्रामीण और हिंदू जागरण मंच, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए करीब तीन घंटे तक हंगामा किया। आक्रोशित लोग अवशेष लेकर भोजपुर-मुकीमपुर संपर्क मार्ग पर पहुंच गए और वहां जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई। एसीपी मोदीनगर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। विधायक ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
गांव मुकीमपुर की प्रधान के पति किरणपाल सिंह तोमर और नंगोला अमीपुर के प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीण खेतों में काम करने गए तो वहां नाले में बड़ी संख्या में गोवंश के अवशेष पड़े मिले। जगह-जगह खून बिखरा था। मामले की जानकारी पर मुकीमपुर, अतरौली, नंगोला, खादरा सहित कई गांवों के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। हिंदू जागरण मंच के नीरज शर्मा, पंकज कंसल और हिंदू युवा वाहिनी के निशांत त्यागी व सुशील कुमार कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गोकशी के विरोध में हंगामा किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अतरौली व फरीदनगर चौकी प्रभारी की सांठगांठ के कारण क्षेत्र में आए दिन गोकशी हो रही है। उन्हाेंने दोनों चौकी प्रभारी को निलंबित करने की मांग की। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने आक्रोशित लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया मगर लोगों ने एक नहीं सुनी और वह आरोपियों के इनकांउटर की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद आक्रोशित भीड़ अवशेष लेकर भोजपुर-मुकीमपुर संपर्क मार्ग पर जाम लगा दिया। मामला बढ़ता देख पीएसी भी मौके पर बुला ली गई। दोपहर एक बजे तक हंगामा चलता रहा। मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच भी मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। विधायक ने आरेपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने गड्ढा खुदवाकर गोवंश के अवशेष दबवा दिए।
मुकीमपुर गांव के नंगोला अमीरपुर नाले के समीप गोवंश के अवशेष पड़े मिले। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। - ज्ञानप्रकाश राय, एसीपी मोदीनगर