गाजियाबाद। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए 23 जुलाई को बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। जिला सेवायोजन कार्यालय और एचएलएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में छह से अधिक निजी कंपनियां शामिल होकर 200 से अधिक तकनीकी और गैर तकनीकी पदों पर भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 12,500 रुपये से लेकर 80 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। रोजगार मेला 23 जुलाई को सुबह 10 बजे से मेरठ-दिल्ली रोड स्थित एचएलएम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में आयोजित होगा। इसमें बजाज लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक, यमुना इंडस्ट्रीज, जीएमपी टेक्निकल सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस और एसकेएम प्लेसमेंट एंड मैनेजमेंट सहित छह से अधिक निजी कंपनियां भाग लेंगी। कंपनियां सेल्स, बैंकिंग, इंश्योरेंस, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों के पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई (सभी ट्रेड), मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा और बीटेक (मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल) उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।