साहिबाबाद। शालीमार गार्डन में बुधवार सुबह दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल, दशमेश पब्लिक स्कूल और चंदर नगर के डीएवी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। प्रबंधन ने सुबह 11 बजे ई-मेल की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरे स्कूल परिसर व वाहनों की जांच की। तलाशी के बाद कोई विस्फोटक नहीं मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल और डीएवी सेंटेनरी की प्रिंसिपल ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बम की सूचना वायरल होने पर शहर भर के स्कूलों में दोपहर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
सुबह दिल्ली और नोएडा समेत एनसीआर के विभिन्न स्कूलों में बम की अफवाह सुनकर स्कूल प्रबंधन अलर्ट हो गए। शालीमार गार्डन के 80 फुटा रोड पर दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल के प्रबंधन ने अधिकारिक ईमेल को चेक किया तो उसमें सुबह 6:43 बजे एक अज्ञात का मेल आया था। प्रबंधन ने मेल देखा तो उनके होश उड़ गए। उसमें स्कूल परिसर के अंदर बम होने की बात लिखी थी। प्रबंधन ने पुलिस को सूचना देकर तुरंत आपात बैठक की। डीसीपी ट्रांस हिंडन और एसीपी शालीमार गार्डन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अभिभावक और स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा का आश्वासन देकर तुरंत बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को बुलाया।
टीम ने एक-एक कक्षाएं और बालकनी से लेकर परिसर व बैग की जांच की। टीम ने शक दूर करने के लिए टेबल और अन्य भारी सामानों को हटाकर भी बारीकी से जांचा लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसी दौरान शालीमार गार्डन के दशमेश स्कूल से प्रबंधन ने भी पुलिस को धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना दी। टीम चंद मिनटों में 80 फुटा रोड से दशमेश स्कूल पहुंच गई। यहां प्रबंधन ने समय से छात्र-छात्राओं को अभिभावकों के साथ घर भेजकर स्कूल को खाली करा लिया। इसके बाद टीम ने स्कूल बस और परिसर के कोने-कोने में जांच की गई।
सुबह 9:28 बजे डीएवी स्कूल को मिली ई-मेल
लिंकरोड थाना क्षेत्र के चंदर नगर में डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल नंदा भट्ट ने भी पुलिस को धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना दी। थाना प्रभारी प्रीति सिंह अपने साथ चौकी इंचार्ज और पुलिस बल को लेकर तत्काल स्कूल पहुंच गईं। इसके बाद बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड टीम ने रिसेप्शन के अलावा प्रिंसिपल ऑफिस व अन्य परिसर को जांचा। इस दौरान डॉग स्क्वॉड को एक टेबल पर बैग रखा मिला। टीम ने सीढि़यों के पास खड़े सभी लोगों को हटाकर बैग की जांच की। जब उसमें कुछ नहीं मिला तो पहले तल पर कई कक्षाओं में जांच की।
दिल्ली पुलिस से समन्वय करेगी पुलिस
डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल की प्रिंसिपल अभिलाषा शर्मा की शिकायत पर शालीमार गार्डन थाने और डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल नंदा भट्ट ने लिंकरोड थाने में अज्ञात के खिलाफ धमकी देने व आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया है। दशमेश स्कूल से शिकायत मिलने पर उसे विवेचना में शामिल कर लिया जाएगा। जांच के दौरान दिल्ली पुलिस से समन्वय किया जाएगा। विशेष टीम धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है।