गाजियाबाद। ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिये धर्मांतरण कराने के मामले में मुख्य आरोपी शाहनवाज उर्फ बद्दो पर जिलाधिकारी ने रासुका (राष्ट्र सुरक्षा कानून) की कार्रवाई की है। पुलिस ने उसे डासना जेल में तामील करा दिया है। अब अगले निर्णय तक वह जेल में ही रहेगा। बद्दो मुंबई के मुम्ब्रा का रहने वाला है। मामले के दूसरे आरोपी संजयनगर सेक्टर-23 स्थित जामा मस्जिद कमेटी के पूर्व सदस्य अब्दुल रहमान उर्फ नन्नी पर भी रासुका लगाई जा चुकी है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शाहनवाज ने 21 जुलाई को जमानत के लिए अर्जी लगाई थी। इसके लिए उनसे आख्या मांगी गई थी लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी जमानत नहीं कराई गई। उसके खिलाफ अब एनएसए की कार्रवाई कराई गई है। यह फाइल अब शासन को भेजी जाएगी। बद्दो पर राजनगर निवासी एक किशोर समेत फरीदाबाद के चार अन्य किशोरों को धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है। मामले में पुलिस बुधवार को कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है।