साहिबाबाद। कोतवाली क्षेत्र में 17 साल के किशोर ने 21 सितंबर की सुबह स्कूल जा रही 9वीं की छात्रा (14) को होटल ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी किशोर और पीड़ित छात्रा एक ही सोसायटी के रहने वाले हैं। आरोप है कि किशोर कई दिन से छात्रा को उसके निजी फोटो दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस ने शिकायत पर सोमवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को पकड़ लिया।
सोसायटी में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी शनिवार सुबह दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ने के लिए घर से गई थी। दोपहर दो बजे पति बेटी को स्कूल से लेने पहुंचे तो वहां पता चला कि वह पढ़ाई के लिए नहीं आई। उसकी क्लास में सत्र के दौरान किसी ने भी छात्रा को नहीं देखा। यह बात सुनकर उनके होश उड़ गए।
वह तुरंत घर पहुंचे और छात्रा के स्कूल न जाने की बात बताई। कुछ देर बाद छात्रा घर पहुंची तो दोनों ने उससे पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा। उनका आरोप है कि छात्रा अचानक रोते हुए बोली कि सोसायटी के एक किशोर ने जबरदस्ती होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी किशोर ने उसे अपने जाल में फंसा रखा था। उसने अपने मोबाइल में उसकी फोटो कैद कर रखी है, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। एसीपी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को पकड़ लिया गया है। घटना की जानकारी करने के बाद उसे बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।