साहिबाबाद। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को गाजियाबाद में मीडिया से रूबरू होंगे। इस दौरान लोकसभा चुनाव के मुद्दों और गाजियाबाद में गठबंधन प्रत्याशी डॉली शर्मा के पक्ष में दोनों अपनी राय रखेंगे।
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष अधिवक्ता वीरेंद्र यादव ने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कांग्रेस नेता राहुल गांधी कौशांबी स्थित रेडिसन ब्लू होटल में पत्रकार वार्ता करेंगे। सुबह 9 से यह वार्ता रखी गई है जो करीब एक घंटे चलेगी। गठबंधन प्रत्याशी डॉली शर्मा के पिता और कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव गठबंधन के नेतृत्व में लड़े जा रहे चुनाव के फायदे मीडिया के समक्ष रखेंगे। पहले गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में रोड शो का आयोजन किए जाने की योजना थी लेकिन अत्यधिक समय न मिलने की वजह से केवल पत्रकार वार्ता का ही आयोजन होगा। पत्रकार वार्ता के बाद दोनों नेता कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।