क्वॉरेंटीन सेंटर में भर्ती मरीज की मौत का फर्जी वीडियो वायरल करने के मामले में मसूरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सेंटर में भर्ती युवक को नामजद कर दो अज्ञात महिलाओं को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। किस मकसद से वीडियो वायरल की गई, पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि मसूरी थाना क्षेत्र स्थित आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज को क्वॉरेंटीन सेंटर बनाया गया है। बृहस्पतिवार को सेंटर के अंदर की एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें एक भर्ती मरीज की मौत का हवाला दिया गया था। वीडियो में बदइन्तज़ामी का हवाला देते हुए प्रशासन के खिलाफ भड़ास निकाली गई थी। वीडियो वायरल होने से हड़कंप मचने पर जांच पड़ताल की तो मरीज की मौत का मामला फर्जी निकला। पता चला कि तबीयत खराब होने पर एक मरीज बेहोश हो गया था, जिसकी मौत की झूठी वीडियो बनाकर वायरल की गई। मसूरी एसएचओ उमेश पंवार का कहना है सेंटर में भर्ती शिवम नाम के युवक व दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घबराहट में यह वीडियो बनाकर वायरल की गई। आरोपी युवक व महिला सेंटर व प्रशासन के खिलाफ भड़ास निकालना चाह रहे थे।