सुमित शिशौदिया
इंदिरापुरम। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर से सटे इंदिरापुरम, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन, टीला मोड़ थाना क्षेत्र के किराये के फ्लैट और होटल में देह व्यापार तेजी से बढ़ रहा है। हालत यह है कि जिन जगहों पर छापे की कार्रवाई हुई है, वहां गिरोह के सरगना और संचालिका साठगांठ से बंद ताले के पीछे भी बेधड़क यह काम कर रहे हैं। इंदिरापुरम क्षेत्र में इस तरह के मामले सबसे ज्यादा सामने आई हैं।
पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि इंंदिरापुरम में यह गोरखधंधा तेजी से बढ़ा है। एक जनवरी 2023 से दो जून 2024 तक पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ कर नौ मुकदमे दर्ज किए हैं जिनमें मैनेजर और संचालक समेत 63 पुरुष गिरफ्तार हुए जबकि 75 महिलाएं व युवतियों को पकड़ा है। इनमें से सात युवतियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। दूसरी बड़ी कार्रवाई बीते वर्ष लिंकरोड थाना क्षेत्र में हुई।डीसीपी के निर्देश पर पेसेफिक मॉल के नौ स्पा सेंटर पर छापा मारकर 99 युवक-युवतियों को पकड़ा था। जांच के बाद 50 युवक गिरफ्तार किए जबकि दो महिला मैनेजर-संचालिकाओं को गिरफ्तार कर आठ युवतियों को बचाया था। जनवरी माह में शालीमार गार्डन पुलिस ने दो जगह छापा मारकर आठ पुरुष और सात संचालिकाओं को पकड़ा था। ऐसे में पुलिस होटल, फ्लैट और स्पा सेंटर से कुल 151 युवक- युवतियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस का खुफिया तंत्र भी फेल :
देह व्यापार पर छापे की कार्रवाई ने पुलिस सत्यापन पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रांस हिंडन में 15 हजार रुपये प्रतिमाह से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक किराया देकर युवतियों को जबरन इस धंधे में धकेला जाता है। तुलसी निकेतन, शालीमार गार्डन डीएलएफ, नीतिखंड, वसुंधरा, लिंकरोड में हुई कार्रवाई ने खुफिया तंत्र को भी फेल साबित कर दिया है।
पूर्व में हुईं कार्रवाई :
02 जून : इंदिरापुरम के ओयो होटल में छापेमारी कर चार युवक पकड़े, तीन महिलाएं कराईं मुक्त
20 फरवरी : शालीमार गार्डन पुलिस ने भारत माता चौक से देह व्यापार में शामिल संचालिका समेत छह लोग पकड़े
11 जनवरी : शालीमार गार्डन एक्सटेंशन में देह व्यापार पर कार्रवाई में 11 लोग पकड़े
31 दिसंबर : तुलसी निकेतन और डीएलएफ में छापे की कार्रवाई कर 14 महिलाएं और 8 पुरुष पकड़े
11 दिसंबर : राजनगर के घर में देह व्यापार का भंडाफोड़ कर संचालिका समेत चार दबोचे
डीसीपी निमिष पाटिल का कहना है कि देह व्यापार पर कार्रवाई के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। यदि किसी फ्लैट और होटल में इस तरह की सूचना मिलती है तो तुरंत कार्रवाई होती है। लोगों से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की जाती है।