मेरठ व दिल्ली ने भर्ती करने से किया इंकार, तो शुरू हुआ कोविड लेवल-3 - कोरोना संक्रमित आठ माह की गर्भवती संक्रमित महिला को किया गया भर्ती माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। जिले के गंभीर कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों को अब दिल्ली व मेरठ ने भर्ती करने से इंकार कर दिया है। इसके बाद अब पुराना बस अड्डा स्थित संतोष अस्पताल कोविड लेवल-3 को शुरू कर दिया गया है। नोएडा से रेफर होकर संयुक्त जिला अस्पताल में संचालित एल-2 में भर्ती कराई गई आठ माह गर्भवती महिला को एल-3 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला का हीमोग्लोबिन गिरकर 3 ग्राम डेसीलीटर रह गया है। उसकी स्थिति गंभीर है। महिला को एल-2 से निकाल कर एल-3 में भर्ती कराया गया है। ऐसे गंभीर मरीजों के लिए ही संतोष अस्पताल में एल-3 अस्पताल बनाया गया है। यह अस्पताल चार सौ बेड का है महिला को दिल्ली और नोएडा में भर्ती करने से इनकार कर दिया था। सीएमओ डा. गुप्ता ने बताया संतोष अस्पताल का काफी पहले ही अधिग्रहण कर लिया गया था। इसेें गाजियाबाद का पहला एल-3 अस्पताल बनाया गया है। मंगलवार से इस अस्पताल को क्रियाशील कर दिया गया है। अब तक गंभीर मरीजों को मेरठ और दिल्ली रेफर करना पड़ता था लेकिन अब ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सीएमओ ने बताया कोरोना संक्रमण के ऐसे मरीज जिन्हें वेंटीलेटर की जरूरत पड़ती है, उन्हें लेबल-3 का मरीज का कहा जाता है। ऐसे मरीज अधिकतर पहले से ही मधुमेह, किडनी या फिर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से ग्रसित होते हैं। ऐसे मरीजों के संक्रमित होने पर बहुत जल्दी स्थिति गंभीर हो जाती है। इसलिए इनकी देखरेख के लिए लाइफ सर्पोटिंग सिस्टम की जरूरत होती है। ------------------ आशुतोष यादव