गाजियाबाद। जवाहर लाल नेहरू क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे बीआर शर्मा हॉट वेदर कप टूर्नामेंट में बुधवार को पीआर क्रिकेट अकादमी और अंबिका एम्सटर्डम क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला गया। मैच में पीआर अकादमी 13 रन से विजेता बनी।
आयोजक केके शर्मा ने बताया कि टॉस जीतकर पीआर अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 35 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए। जिसमें दीपांशु ने 59, कार्तिक ने 44 और देवांश ने 35 रन बनाए। विरोधी टीम से हर्ष ने चार, शिवम और अभय ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंबिका एम्सटर्डम की टीम 34.5 ओवर में 199 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम से ओम सैनी ने 47, आर्यन ने 38 और युगदीप ने 23 रन बनाए। पीआर अकादमी से जैनी सिंह ने पांच और अनिकेत ने दो विकेट लिए। पांच विकेट लेने पर जैनी सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।