गाजियाबाद। दो महीने पहले नगर निगम ने 80 लाख रुपये खर्च करके जिन सड़कों को गड्ढामुक्त हो जाने का दावा किया था, वे सभी सर्वे में गड्ढायुक्त मिली हैं। पिछले सप्ताह ही कराए गए सर्वे की रिपोर्ट में बताया गया है कि नगर निगम के पांचों जोन में कुल मिलाकर तीन हजार से ज्यादा गड्ढे हैं। जिन सड़कों पर पैचवर्क कराया गया था, बारिश के बाद उनमें गहरे गड्ढे हो गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर नगर निगम सड़कों पर अब साढ़े पांच करोड़ रुपये खर्च करेगा। यह पहला मौका नहीं है जब गड्ढे भरने के लिए इतना भारी भरकम बजट रखा गया हो। इससे पहले भी कभी एक तो कभी दो करोड़ रुपये गड्ढे भरने का खर्च दिखाया गया है, लेकिन अफसर एक बार भी यह दावा नहीं कर पाए हैं कि सभी सड़कें गड्ढामुक्त हो गईं। पिछले महीने ही कांवड़ यात्रा के दौरान सड़कों की मरम्मत का विशेष अभियान भी चला था। कांवड़ यात्रा मार्ग भी फिर से गड्ढों में तबदील हो गया है। नगर निगम के सर्वे में बताया गया है कि विजयनगर जोन में 700 से ज्यादा गड्ढे हैं। कविनगर और वसुंधरा जोन की स्थिति भी ठीक नहीं मिली है। कुल पांच जोन हैं। इनमें 400 से 700 तक गड्ढे मिले हैं।
हर सड़क की हालत खराब
होली चाइल्ड चौराहे से कालकागढ़ी चौराहे की दूरी करीब पांच सौ मीटर है। इस बीच में 50 से अधिक गड्ढे छह इंच से एक फुट तक के हैंं।
शहीदनगर में मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर हर मीटर में तीन से चार गड्ढे हैं। इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल है।
बुलंदशहर रोड पूरी तरह गड्ढों में तबदील हो चुकी है। गड्ढों में गिरकर रोज वाहन पलट रहे हैं। बारिश से गड्ढों में कीचड़ जमा हो गई है।
विजयनगर सेक्टर-9 से प्रताप विहार सेक्टर- 12 तक 150 गड्ढे हैं। गौशाला अंडरपार से विजयनगर बाईपास तक हर 20 मीटर पर एक गड्ढा है।
बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में चार किलोमीटर की सड़क में बारिश के बाद गड्ढे और गहरे हो गए हैं। चलना मुश्किल है।
अगले महीने भरे जाएंगे गड्ढे
नगर निगम निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी का कहना है कि दो महीने पहले करीब 80 लाख रुपये खर्च कर गड्ढों को भरवाया गया था। बारिश के बाद गड्ढों की संख्या पांच गुना तक बढ़ गई है। पांचों जोन में तीन हजार से अधिक गड्ढे हो गए हैं। पैचवर्क के लिए एस्टिमेट तैयार कर लिया गया है। सितंबर से काम शुरू हो जाएगा। दीपावली तक शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा।
सड़क पर बिखर गईं गिट्टियां
राजनगर एक्सटेंशन में वीवीआईपी मॉल के सामने करीब दस मीटर सड़क पर गिटि्यां निकल गई हैं। सड़क के बीचोंबीच करीब एक फुट का गड्ढा हो गया है। राजनगर एक्सटेंशन निवासी धर्मेंद्र चौधरी का कहना है कि आरडब्ल्यूए फेडरेशन की ओर से कई बार सड़क को ठीक करने के लिए अधिकारियों से कहा गया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। गिट्टियों के निकलने से यहां फिसलन हो गई है।
मार्बल मार्केट में गड्ढों से परेशान कारोबारी
गाजियाबाद। नेहरू नगर स्थित मार्बल मार्केट के दुकानदार सड़कों के गड्ढों और जलभराव से परेशान हैं। बरसात के सीजन में कालका गढ़ी से दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम तक की सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण यहां वाहनों का आवागमन दूभर हो गया है। बृहस्पतिवार को इन गड्ढों में फंसने की वजह से ई-रिक्शा पलट गया। गाजियाबाद टाइल्स एंड सेनेटरी एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि सड़क टूट जाने की वजह से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य शोभित बंसल का कहना है कि नगर निगम ने यहां करीब 7-8 साल पहले सड़क बनाई थी, लेकिन नाली का निर्माण नहीं कराया। बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और इसकी वजह से सड़क टूट चुकी है। करीब एक से डेढ़ फुट गहरे गड्ढों में दुकानदारों ने मलबा डलवाया था, लेकिन पानी की वजह से फिर गड्ढे बन गए हैं। दुकानदार रवि कुमार का कहना है कि सभी दुकानदार मिलकर महापौर सुनीता दयाल से मिलेंगे और समस्या के निराकरण की मांग करेंगे।