गाजियाबाद। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के समर्थन में गाजियाबाद में कई स्थानों पर पोस्टर लगे मिले। इन पोस्टर की फोटो व्हाट्सएप पर भी प्रसारित हुई। सूचना पर पुलिस अधिकारी तत्काल हरकत में आए और पोस्टर हटवाए गए। पुलिस इन्हें लगाने वालों की तलाश कर रही है। अमृतपाल सिंह फरार है और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश की जा रही है। शहर में लगे पोस्टरों में अमृतपाल की सराहना की गई है और जल्द ही लौटने का दावा किया गया है। बृहस्पतिवार शाम राहगीरों को ऐसे पोस्टर रेलवे स्टेशन के आसपास लगे दिखाई दिए। थोड़ी ही देर में यह पोस्टर व्हाट्सएप पर प्रसारित हो गए। पुलिस अधिकारियों के पास भी इनकी सूचना पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में मौके पर पहुंच इन पोस्टरों को हटवाया। हालांकि अधिकारी इन पोस्टरों की पुष्टि करने से बचते रहे। एसीपी कोतवाली सुजीत कुमार राय का कहना है कि व्हाट्सएप के जरिए पोस्टर लगे होने की जानकारी मिली है। मौके पर टीम भेजी गई है। पोस्टरों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।