गाजियाबाद। आचार संहिता के दौरान नगर निगम मुख्यालय में प्रत्येक मंगलवार को होने वाली संभव जनसुनवाई का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। जन समस्याओं के समाधान के लिए लोग आईजीआरएस, गाजियाबाद-311 एप की मदद ले सकते हैं। साथ ही, निगम के संबंधित विभागों के कार्यालयों में भी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी।
जनसुनवाई स्थगित होने के कारण मंगलवार को शिकायतें लेकर पहुंचे लोगों को वापस लौटना पड़ा। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने शहरवासियों की सुविधा के लिए सभी विभागों के प्रभारियों को जन समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए हैं। जोन स्तर पर सभी जोनल अधिकारी प्राथमिकताओं के आधार पर समस्याओं का निस्तारण करेंगे। शहरवासियों से अपील की गई है कि नगर निगम से संबंधित समस्याओं के लिए गाजियाबाद 311 एप और आईजीआरएस की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा कंट्रोल में संपर्क साधकर समस्या दर्ज कराई जा सकती है। सभी विभागों के प्रभारियों को जोनल अधिकारियों से बेहतर समन्वय बनाकर समस्याओं का निस्तारण करने की हिदायत दी गई है।