गाजियाबाद। जंतर मंतर पर छात्रों काे पीटने के मामले में आरोपी सत्यम पंडित के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस एक दिन बाद पलट गई। पुलिस की ओर से कहा गया कि छात्रों को पीटने की घटना उनके क्षेत्र की नहीं है। जबकि, एक दिन पहले रविवार को डीसीपी धवल जयसवाल ने दावा किया था कि वह इस प्रकरण की जांच करा रहे हैं। उसका आपराधिक रिकॉर्ड निकलवाया जा रहा है, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। विदित हो कि जंतर मंतर पर सत्यम पंडित के छात्रों से धर्म से जुड़े सवाल करते हुए एक वीडियो वायरल हुई। उसमें सत्यम पंडित छात्रों काे पीटता हुआ भी दिख रहा है। इतना ही नहीं, सत्यम पंडित ने यह भी कहा था कि कांवड़ यात्रा में किसी मुस्लिम अधिकारी की डयूटी नहीं लगाई जानी चाहिए। इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले से कन्नी काट ली। इस बारे में डीसीपी धवल जयसवाल ने बताया कि घटना जिले की नहीं है। इसलिए यहां से कार्रवाई संभव नहीं है। विदित हो कि सत्यम पंडित ने कई न्यूज चैनलों को दिए साक्षात्कार में खुद के पक्ष को सही बताया। यह भी कहा कि पुलिस उसको गिरफ्तार करना चाहे तो कर सकती है, लेकिन वह गलत के सामने झुकने वाला नहीं है। जंतर मंतर पर वह लोग भी थे, जो छात्र नहीं थे। उन्होंने इसको लेकर तमाम तरह के दावे भी किए।
-