मोदीनगर। राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के बैनर तले हरिद्वार से दिल्ली तक निकाली जा रही संकल्प यात्रा को बृहस्पतिवार दोपहर जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस ने कादराबाद बॉर्डर पर रोक दी। यात्रा के रोकने से नाराज प्रजापति समाज के लोगों ने नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग उखाड़ दी। आक्रोशित लोग हंगामा करते हुए दिल्ली-मेरठ मार्ग पर धरना देकर बैठ गए। हंगामे के दौरान दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लग गया। इस दौरान पुलिस से तीखी झड़प व धक्का-मुक्की हुई। लगभग दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद पुलिस ने यात्रा को गंतव्य के लिए जाने दिया।
राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दारा सिंह प्रजापति के साथ प्रजापति समाज के लोग राजनीति हिस्सेदारी, जातिगत जनगणना, अनुसूचित जाति आरक्षण, प्रजापति समाज के उत्पीड़न के समाधान सहित विभिन्न मांगों को लेकर हरिद्वार से दिल्ली तक संकल्प यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा 27 फरवरी को हरिद्वार से चलकर रुढ़की, मुजफ्फरनगर और मेरठ होते हुए बृहस्पतिवार को मोदीनगर के कादराबाद बॉर्डर पर पहुंची तो पुलिस ने रोक दी। यात्रा में शामिल लोग वाहनों से उतरकर दिल्ली-मेरठ मार्ग पर धरने पर बैठ गए। स्थिति बेकाबू होते देख भोजपुर, निवाड़ी और मुरादनगर पुलिस के अलावा पीएसी व क्यूआरटी को भी मौके पर बुला लिया गया। डीसीपी ग्रामीण विवेक चंद यादव भी मौके पर पहुंच गए। वार्ता के बाद अधिकारियों ने उन्हें आगे जाने की अनुमति दी। लगभग ढाई घंटे के हंगामे के बाद यात्रा रवाना हुई। इसके अलावा प्रजापति समाज के लोगाें ने उपजिलाधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता को एक ज्ञापन भी दिया। डीसीपी ग्रामीण जोन ने बताया कि दिल्ली-मेरठ मार्ग पर यातायात प्रभावित न हो इसलिए यात्रा रोकी गई थी। यात्रा की अनुमति दिखाने पर रवाना कर दी गई।