लोनी। अंकुर विहार थाना क्षेत्र के कॉलोनी में रहने वाली युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी दारोगा सचिन कुमार को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया।
सचिन कुमार गाजियाबाद कोर्ट में बेल की अर्जी डालने जा रहा था। पीड़िता आरोपी दारोगा को देखने के लिए अंकुर विहार थाने भी पहुंची थी। एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने यूपी पुलिस लखनऊ में तैनात प्रशिक्षु दरोगा सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। सचिन कुमार को न्यायालय के सामने पेश किया गया। इससे पहले पीड़िता पुलिस के अधिकारियों से मिलकर आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। गिरफ्तारी होने के बाद पीड़िता दरोगा से मिलने के लिए थाने पहुंची। बता दे कि अंकुर विहार थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती परिवार के साथ रहती है। पीड़िता ने आरोप लगाए है कि कई वर्ष पूर्व उनकी दोस्ती सचिन कुमार के साथ हुई थी। सचिन ने शादी करने का वादा किया था। कुछ समय बाद सचिन की यूपी पुलिस में नौकरी लग गई। नौकरी लगने के बाद सचिन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि सचिन ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।