गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र में रविवार की रात में जगह-जगह ऐसी विवादित टिप्पणी लिखे पोस्टर लगाए जिन्हें देखकर ही लग रहा था कि इनका मकसद दो समुदायों के बीच तनाव पैदा कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करना है। इन पोस्टर के फोटो सोशल मीडिया पर भी डाले गए। इन पर नजर पड़ने के बाद जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस को एक जगह सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक पोस्टर लगाते नजर आ गए।
तीन युवक नितिन चौहान, ब्रह्मानंद पुरी और शेखर पंडित की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। नितिन के घर पुलिस रात में ही दो बजे दबिश देने पहुंच गई। इस पर सोमवार सुबह हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए बजरंग दल, हिंदू युवा वाहिनी समेत कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नंदग्राम थाने पर हुए प्रदर्शन और हनुमान चालीसा का पाठ किया।
पुलिस अधिकारियों ने जांच-पड़ताल के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिस पर प्रदर्शनकारी शांत हुए। नंदग्राम थाना पुलिस ने आईटी एक्ट, माहौल बिगाड़ने के प्रयास की धारा में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। उनके पकड़े जाने पर ही पता चलेगा कि यह खुराफात उनकी ही है या फिर वे किसी और की साजिश के मोहरे हैं।
पिता ने कहा, नितिन की नामजदगी गलत
नितिन चौहान बजरंग दल में हैं। उनके पिता जितेंद्र चौहान का आरोप है कि आधी रात के बाद 20 पुलिसकर्मी उनके घर में जबरन घुसे। नितिन नहीं मिला तो उनके बड़े बेटे को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम में कोई महिला सदस्य नहीं थी। पुलिसकर्मियों ने उनके और परिवार के सदस्यों के साथ अभद्रता की। उनके पैर में चोट आई है। उनका कहना है कि पोस्टर लगाने में नितिन की कोई भूमिका नहीं है, उसकी नामजदगी गलत है।
फुटेज देखकर दर्ज किया केस : एसीपी
एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस सीसीटीवी फुटेज देखकर दर्ज किया है। किसी की नामजदगी गलत होने का सवाल ही नहीं है। नामजद आरोपी के न मिलने पर उसके बड़े भाई को पूछताछ के लिए थाने पर लाया गया था। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। साक्ष्यों के आधार पर ही कार्रवाई की जा रही है।
इनके जवाब ढूंढ रही पुलिस
. दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश वाले पोस्टर क्यों लगाए गए ?
. पोस्टर के फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर किसने और क्यों साझा किए ?
. माहौल बिगाड़ने की कोशिश के इस मामले का मास्टरमाइंड कौन है ?