खोड़ा। नेहरू गार्डन चौकी के पास दीपक विहार में 31 जनवरी की रात चोर ने मनी ट्रांसफर के ऑफिस का ताला काटकर दो लाख रुपये चोरी कर लिए। रात ढाई बजे जब चोर आरी से ताला काट रहा था तब पुलिसकर्मियों की लैपर्ड का सायरन सुनकर वह सड़क पर सो गया। उसे बिना रोके-टोके पुलिसकर्मी वहां से चले गए। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। खोड़ा पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।
खोड़ा के आजाद विहार में रहने वाले विष्णु कुमार शर्मा का नेहरू गार्डन चौकी से आधा किलोमीटर दूर मनी ट्रांसफर का ऑफिस है। उन्होंने बताया कि वह 31 जनवरी की रात दिनभर में काम करने के बाद दो लाख रुपये से अधिक की रकम गल्ले में रखकर घर चले गए थे। रात करीब ढाई बजे नकाबपोश एक चोर ऑफिस के पास पहुंचा और आरी से ताला काटने लगा। उनके मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था में गश्त कर रहे लैपर्ड पर सवार पुलिसकर्मी ऑफिस के पास पहुंचे तो चोर सायरन सुनकर सड़क पर सो गया। पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ करने का प्रयास नहीं किया।
चोर ने गल्ले में रखे दो लाख रुपये चोरी कर लिए। चोरी की घटना और पुलिसकर्मियों के ऑफिस के सामने से निकलने की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एक फरवरी की सुबह वह दुकान पर पहुंचे तो ताला कटा देखकर होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो गल्ले से सारी नकदी चोरी हो गई थी। उन्होंने खोड़ा पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर कब्जे में ली। इतना ही नहीं, पुलिस अभी तक चोरों की पहचान नहीं कर पाई है।
ताला तोड़कर परचून की दुकान में हुई थी चोरी :
नेहरू गार्डन चौकी के पास दीपक विहार में पिछले सप्ताह चोरों ने गौरव जनरल स्टोर का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 15 हजार रुपये, 5-5 किलोग्राम के बादाम, काजू के दो पैकेट, पिस्ता और अन्य तरह के ड्राइफ्रूट चोरी कर लिए थे। दुकानदार दीपक सुबह नींद से उठकर दुकान खोलने के लिए बाहर निकले तो शटर के एंगल टूटे देखकर होश उड़ गए। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस चोरों की पहचान करने में लगी है। इसके अलावा चोरों ने प्रापर्टी डीलर के ऑफिस का ताला तोड़ा था लेकिन वहां कोई कीमती सामान नहीं मिला।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच र रहे हैं। घटना के दौरान लैपर्ड पर पुलिसकर्मी गश्त कर रहे थे। चोर की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।