मोदीनगर। चार दिन बाद भी पुलिस बीएएमएस छात्रा लक्ष्मी गुप्ता की हत्या की गुत्थी सुलझा नहीं सकी है। हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं। पुलिस छात्रा के दोस्तों से पूछताछ की बात कह रही है। वहीं, कमरे में मिली छात्रा की डायरी को राइटिंग एक्सपर्ट के पास जांच के लिए भेजा गया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। जनपद कन्नौज के छपरा मऊ निवासी लक्ष्मी गुप्ता (23) पुत्री धर्मेंद्र गुप्ता निवाड़ी मार्ग स्थित डीजे कॉलेज में बीएएमएस तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह सूर्या एंक्लेव कॉलोनी में पीजी में तीसरी मंजिल पर रहती थी। बृहस्पतिवार को कमरे में उसका शव लटका मिला था। छात्रा के पिता धर्मेंद्र गुप्ता ने मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण हैंगिंग नहीं बल्कि गला दबाना आया है। उधर, पुलिस का कहना है कि छात्रा की हत्या हुई है, इसके साक्ष्य नहीं मिले है। धर्मेंद्र गुप्ता कहना है कि लक्ष्मी के शरीर पर चोट के निशान थे। जिससे ऐसा लगता है कि जैसे उसने हत्या करने वालों से संघर्ष किया होगा। लगता है कि जूते से उसकी उंगली को कुचला गया हो। जिस दुपट्टे से फंदा लगाना बताया गया है कि उस पर सिकुड़न के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले शव को नीचे उतार दिया गया। अगर सुसाइड नोट मिला है तो पुलिस ने अभी तक क्यों नहीं दिखाया। छात्रा ने खाना बनाने के लिए मेड रखी थी, तो फिर युवक उसे खाना देने क्यों आया।
परिजनों ने फांसी पर उठाया सवाल
पिता धर्मेंद्र गुप्ता का कहना है कि जिस स्थान पर फंदा लगाया है, वह छह फीट ऊंचा है, जबकि लक्ष्मी की हाइट पांच फीट चार इंच है। क्या इसमें फांसी लगाई जा सकती है।
अपनी थ्योरी से पलटी पुलिस
जब छात्रा का शव मिला तो मोदीनगर एसीपी ने इसे आत्महत्या बताया था। यह भी बताया था कि छात्रा के कमरे से सुसाइड नोट मिला है। अब पुलिस ने छात्रा की मौत को हत्या में दर्ज किया है। पुलिस अब सुसाइड नोट को डायरी का पन्ना बता रही है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले में लापरवाही बरत रही है। छात्रा के मोबाइल से हत्या का राज खुलेगा।
मोदीनगर एसीपी रितेश त्रिपाठी का कहना है कि पुलिस की पांच टीम छात्रा की मौत की गुत्थी सुलझाने में लगी है। कॉलोनी व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। छात्रा के कुछ सहपाठियों की राइटिंग जांच के लिए भेजी गई है। इतना ही नहीं छात्रा के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।