गाजियाबाद। आंबेडकर रोड स्थित एक शोरूम में ताले तोड़कर चोरी करने का प्रयास करने वाले गिरफ्तार होने पर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने क्राइम ब्रांच की टीम के अधिकारियों और सदस्यों को सम्मानित किया है। सोमवार को एक रेस्तरां में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के संरक्षक राजकिशोर गुप्ता ने बताया कि शोरूम के पीछे के ताले तोड़कर चोर चोरी का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों के जागने पर चोर भाग निकले। उक्त घटना का क्राइम ब्रांच गाजियाबाद पुलिस की ओर से सफल अनावरण करते हुए चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। बताया कि डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने सराहनीय कार्य किया है। इससे सराफा कारोबारियों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है। समारोह में पदाधिकारियों और शोरूम के कर्मचारियों ने पुलिस को सम्मानित किया। इस मौके पर आंबेडकर रोड व्यापार मंडल के चेयरमैन मुकेश गोयल, अध्यक्ष गौरव गर्ग, कोषाध्यक्ष नवीन, शोरूम फ्रेंचाइजी के अशोक डागा आदि मौजूद रहे।