कौशांबी। तीन नए कानून के विरोध में किसानों के दिल्ली जाने की सूचना पर शनिवार को यूपी गेट पर भारी पुलिस वाली तैनात रहा। जवानों ने यूपी गेट से होकर दिल्ली जाने वाले सभी वाहनों पर नजर रखी। देर शाम तक किसी भी संगठन के किसान यूपी गेट पर नहीं पहुंचे। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के बैनर तले किसान नेताओं ने दिल्ली में 15 अगस्त को तीन नए कानून का विरोध करने की रणनीति तय की हुई है। तमाम संगठनों के पदाधिकारियों से एसकेएम ने दिल्ली कूच करने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है। किसान संगठनों ने 15 अगस्त से पहले दिल्ली में डेरा डालने की तैयारी कर ली थी लेकिन लोकल इंटेलिजेंस से इनपुट के बाद यूपी गेट पर सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर पीएसी की एक प्लाटून के साथ इंदिरापुरम और खोड़ा थाने के फोर्स भी बुलाया गया था। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था के अलावा किसानों के आने की सूचना पर पुलिस फोर्स लगाया गया। चेकिंग के दौरान दिल्ली और गाजियाबाद आने जाने वाले वाहनों में लोगों पर नजर रखी गई।