साहिबाबाद। कार में शराब की 25 पेटी छिपाकर ले जा रहे दो तस्करों को टीला मोड़ थाना पुलिस ने सोमवार रात भोपुरा रोड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार और 25 पेटी शराब को जब्त कर लिया है। एसीपी शालीमार अतुल कुमार ने बताया कि पुलिस टीम लोनी-भोपुरा रोड पर गश्त कर रही थी। उसी दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार में शराब छिपाकर ले जाने वालों को पकड़ा है। दोनों तस्करों ने पूछताछ में अपने नाम दिल्ली के अशोकनगर निवासी सुनील और न्यू सीमापुरी निवासी शोएब बताए हैं। कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट और डिग्गी से हरियाणा मार्का शराब की पेटियां मिलीं। दोनों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर दिल्ली व गाजियाबाद में बेचते थे।